- तरुण ने दो और दीपांशु ने एक गोल किया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। एनआईटी-4 स्थित एयरफोर्स मैदान पर फुटबॉल मुकाबले में फरीदाबाद के आजाद स्पोर्ट्स क्लब ने दिल्ली की टीम को 6-4 के अंतर से शिकस्त दी। इस जीत में फरीदाबाद के खिलाड़ियों ने मैदान पर गजब का तालमेल दिखाया। मैच के 5वें मिनट में ही आजाद स्पोर्ट्स के स्टार खिलाड़ी दीपांशु ने एक शानदार गोल कर टीम का खाता खोल दिया।
दिल्ली के लिए मोहन ने मैच के 10वें मिनट में पहला गोल दागा। इसके बाद तरुण ने 15वें और 25वें मिनट में दो बेहतरीन गोल दागकर दिल्ली की टीम को बैकफुट पर धकेल दिया। हालांकि ब्रजेश ने 35वें और फिर मोहन ने 43वें मिनट में एक और गोल कर स्कोर को बराबर कर दिया।हाफ टाइम के बाद आजाद स्पोर्ट्स ने अपनी रणनीति बदली और चौतरफा हमले शुरू कर दिए। मैच के 50वें मिनट में आर्यन ने विरोधी टीम के डिफेंस को छकाते हुए शानदार गोल किया। इसके ठीक बाद 55वें मिनट में बिजिन और 63वें मिनट में संदीप ने एक-एक गोल दागकर फरीदाबाद की बढ़त को 6-3 कर दिया।
मैच खत्म होने से ठीक पहले दिल्ली की टीम ने एक और गोल कर अंतर को कम (6-4) करने की कोशिश जरूर की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। आजाद स्पोर्ट्स की टीम ने 6-4 के स्कोर से यह मुकाबला आसानी से अपने नाम कर लिया।्र