सरकार की ओर से बकाया राशि का आंशिक भुगतान होने के बाद अस्पतालों ने खत्म की हड़ताल
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। प्रदेश के निजी अस्पतालों में अब आयुष्मान भारत योजना के तहत इलाज दोबारा शुरू हो गया है। सरकार की ओर से बकाया राशि का आंशिक भुगतान किए जाने के बाद निजी अस्पतालों ने अपनी हड़ताल खत्म कर दी है। अब कार्डधारकों को आयुष्मान के तहत दोबारा इलाज मिलना शुरू हो गया है।
दो दिन पूर्व इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के पदाधिकारियों और प्रदेश सरकार के बीच लंबित 500 करोड़ रुपये के भुगतान को लेकर बैठक हुई थी। इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की आयुष्मान कमेटी के चेयरमैन डॉ. सुरेश अरोड़ा और महासचिव धीरेंद्र सोनी ने बताया कि सरकार से सकारात्मक आश्वासन मिलने के बाद निजी अस्पतालों ने हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया। उन्होंने बताया कि सरकार ने भुगतान समय पर करने का भरोसा दिलाया है और कहा है कि भविष्य में देरी नहीं की जाएगी।
गौरतलब है कि प्रदेश के 650 निजी अस्पतालों को सरकार से 500 करोड़ रुपये से अधिक की राशि मिलनी थी। जिले के 26 निजी अस्पतालों का लगभग 30 करोड़ रुपये बकाया था। इसमें से अब तक करीब 40 प्रतिशत राशि का भुगतान कर दिया गया है, जबकि शेष राशि जल्द देने का वादा किया गया है। इस निर्णय से जिले के हजारों आयुष्मान कार्डधारक मरीजों को राहत मिली है, जो पिछले कई दिनों से इलाज के लिए भटक रहे थे। बैठक में मुख्य सचिव अनुराग रस्तोगी और अतिरिक्त मुख्य सचिव (स्वास्थ्य) सुधीर राजपाल सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।