संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। अंतरराष्ट्रीय नशा मुक्ति एवं अवैध मादक पदार्थ तस्करी विरोधी दिवस के अवसर पर सेक्टर-14 स्थित नशा मुक्ति केंद्र में जागरूकता कार्यक्रम और रैली का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम साप्ताहिक नशा मुक्ति जागरूकता अभियान के चौथे दिन आयोजित किया गया।
रेडक्रॉस सोसाइटी के उप अधीक्षक पुरुषोत्तम सैनी ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि नशा व्यक्ति, परिवार और समाज तीनों के लिए घातक है। नशे की लत से स्वास्थ्य, आर्थिक स्थिति और पारिवारिक सुख-शांति प्रभावित होती है। उन्होंने लोगों से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में मरीजों और प्रतिभागियों को नशे के दुष्प्रभावों की जानकारी दी गई। नशा मुक्ति केंद्र के प्रोजेक्ट डायरेक्टर धर्मेंद्र कसाना ने सभी को नशामुक्त जीवन अपनाने का संकल्प दिलाया। कार्यक्रम में काउंसलर, स्टाफ नर्स, नेहरू कॉलेज के प्रशिक्षणार्थी विद्यार्थियों सहित एसएलसीए और सेक्टर-12 कोर्ट के प्रतिनिधियों ने भी भाग लिया।