संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-37 स्थित नगर निगम कार्यालय परिसर में बने रेनीवेल जल भंडारण टैंक से लंबे समय से हो रहे पानी के रिसाव को रोकने के लिए शनिवार को मरम्मत कार्य किया जाएगा। अधिकारियों का कहना है कि इस बार मरम्मत का कार्य ऐसे तरीके से किया जाएगा जिससे सेक्टर के निवासियों की नियमित जलापूर्ति प्रभावित नहीं होगी।
जानकारी के अनुसार, अब तक यह माना जा रहा था कि रिसाव रोकने के लिए पूरे बड़े टैंक को खाली करना पड़ेगा, जिससे कई दिनों तक पानी की आपूर्ति बाधित हो सकती थी। हालांकि, नगर निगम अधिकारियों से हुई चर्चा के बाद स्पष्ट हुआ कि रेनीवेल का पानी पहले एक छोटे टैंक में एकत्र होता है और उसके बाद बड़े टैंक में पहुंचता है। नगर निगम के अधिकारी उस्मान व संबंधित ठेकेदार प्रतिनिधियों के अनुसार, केवल छोटे टैंक को खाली कर उसकी अंदर से मरम्मत की जाएगी।