फरीदाबाद। विश्व पर्यावरण दिवस के उपलक्ष्य में जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण फरीदाबाद ने शैक्षणिक संस्थानों और न्यायिक परिसर में पर्यावरण जागरूकता एवं पौधारोपण कार्यक्रमों का आयोजन किया। आयोजनों की अध्यक्षता जिला एवं सत्र न्यायाधीश व जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के अध्यक्ष संदीप गर्ग ने की।
इस अवसर पर प्राधिकरण द्वारा फरीदाबाद जिले के विभिन्न शैक्षणिक संस्थानों और न्यायिक परिसर में पर्यावरण से संबंधित जागरूकता अभियान चलाए गए, जिनका उद्देश्य जनसाधारण को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक करना एवं हरित परिवेश को प्रोत्साहन देना था। कार्यक्रमों का आयोजन गांव फतेहपुर बिल्लौच, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय एनआईटी नंबर 3, राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सेक्टर 8, न्यायिक परिसर सेक्टर 12 में किया गया।
सभी स्थानों पर पर्यावरण संरक्षण से संबंधित जनजागरूकता कार्यक्रम, विचार गोष्ठियां एवं पौधारोपण गतिविधियां आयोजित की गईं। विद्यार्थियों, अध्यापकों, ग्रामीण जनों एवं स्थानीय नागरिकों ने इन कार्यक्रमों में उत्साहपूर्वक भाग लिया। न्यायिक परिसर, सेक्टर-12, फरीदाबाद में आयोजित मुख्य कार्यक्रम की अध्यक्षता रीतू यादव, मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट-सह-सचिव, जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण, फरीदाबाद ने की। इस अवसर पर उन्होंने अधिवक्ताओं, वादकारियों एवं न्यायालय में उपस्थित आमजन को पौधे वितरित किए और उन्हें अपने आवासीय एवं कार्यस्थलों पर इनका रोपण कर पर्यावरण सरंक्षण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। ब्यूरो