संत नगर में सड़क पर बिखरा मांस, चालक वाहन छोड़कर भागा
फरीदाबाद। ओल्ड फरीदाबाद के संत नगर में रविवार सुबह मांस से भरा एक ऑटो बीच सड़क पर पलट गया। हादसे के बाद ऑटो में रखा मांस सड़क पर बिखर गया, जिससे मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और इलाके में तनाव जैसी स्थिति बन गई। सूचना मिलते ही सेक्टर-17 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित किया।
जानकारी के अनुसार रविवार सुबह ओल्ड रेड लाइट से संत नगर जाने वाले मार्ग पर एक ऑटो मांस लेकर जा रहा था। बताया जा रहा है कि ऑटो धौज के फतेहपुर तगा क्षेत्र से संत नगर की ओर आ रहा था। इसी दौरान अचानक ऑटो अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। ऑटो पलटते ही उसमें रखा मांस सड़क पर फैल गया, जिसे देखकर आसपास मौजूद लोग मौके पर एकत्र हो गए। घटना की सूचना मिलने के बाद बजरंग दल के कार्यकर्ता भी मौके पर पहुंच गए और मामले में कार्रवाई की मांग करने लगे। बढ़ती भीड़ को देखते हुए पुलिस ने मौके पर अतिरिक्त सतर्कता बरती। इस दौरान ऑटो चालक वाहन छोड़कर मौके से भाग गया था। पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है। सेक्टर-17 थाना प्रभारी मदन सिंह ने बताया कि ऑटो में करीब एक क्विंटल मांस भरा हुआ था। पुलिस ने मौके से ऑटो और मांस को कब्जे में ले लिया है। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि मांस किस जानवर का है। पुलिस ने मांस के सैंपल लेकर जांच के लिए लैब भेज दिए हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। संवाद