परिवार का इकलौता सहारा थे दिनेश, बहन की शादी की चल रही थीं तैयारियां
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। रेलवे ट्रैक पार करते समय मंगलवार को 32 वर्षीय ऑटो चालक की ट्रेन की चपेट में आने से जान चली गई। मृतक की पहचान दिनेश कुमार के रूप में हुई है जो मूल रूप से उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर का रहने वाला था और वर्तमान में फरीदाबाद के दयाल नगर में अपने परिवार के साथ रह रहा था। दिनेश अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था और उसकी मौत के बाद से पत्नी और तीन साल की मासूम बेटी के सिर से साया उठ गया है। राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) ने बुधवार को शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया।
मृतक के भाई कृष्ण पासवान ने बताया कि दिनेश अपना ऑटो चलाकर मेहनत-मजदूरी से घर का खर्च चलाता था। 21 अप्रैल को शाम करीब साढ़े पांच बजे वह रोजाना की तरह अपना काम खत्म कर हाईवे की तरफ एक परिचित के पास ऑटो खड़ा करके पैदल घर लौट रहा था। इसी दौरान रेलवे ट्रैक पार करते समय वह नई दिल्ली से आगरा की ओर जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस की चपेट में आ गया और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। परिजनों ने बताया कि घर में दिनेश की बहन की शादी की तैयारियां चल रही थीं जिसके लिए वह दिन-रात मेहनत कर पैसे जोड़ रहा था। पिता की पहले ही मौत हो चुकी थी।