होडल। पुन्हाना मोड़ स्थित नई तहसील के पास रिटायर्ड सूबेदार डिगम्बर सिंह और उनकी बेटी पर उनके ही परिजनों ने जानलेवा हमला कर दिया। बुजुर्ग कोमा में पड़े बेटे सतविंदर सिंह का हाल जानने पहुंचे थे, उसी वक्त यह घटना हुई।
पीड़ित डिगम्बर सिंह ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उनका छोटा बेटा पिछले ढाई महीने से ब्रेन हैमरेज के चलते कोमा में है। जिसकी देखभाल के लिए उन्होंने नर्सिंग स्टाफ भी रखा हुआ है। 15 अप्रैल की शाम जब वह अपनी बेटी अंजू के साथ बेटे के कमरे में पहुंचे, तो उनकी पुत्रवधू मौसम उर्फ बृजबाला ने विवाद शुरू कर दिया। आरोप है कि विवाद के दौरान बृजबाला अपने बेटे ध्रुव और बेटियों के साथ कमरे में घुस आई। ध्रुव ने सूबेदार पर चाकू से हमला करने की कोशिश की, जिससे उनकी कोहनी पर चोट आई। इसके बाद गला दबाकर जान से मारने का प्रयास किया। वहीं, पुत्रवधू ने बुजुर्ग को नीचे गिराकर उनकी नाक काट ली, जबकि अन्य परिजनों ने उन्हें दबाए रखा। शोर सुनकर पहुंचे पड़ोसियों ने किसी तरह उनकी जान बचाई। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि पिछले एक महीने से उन्हें खाना-पानी तक नहीं दिया जा रहा था और उन्हें अपने ही बीमार बेटे से मिलने नहीं दिया जाता था। होडल थाना पुलिस ने मामले में मेडिकल रिपोर्ट और बयान के आधार पर जांच शुरू कर दी है। संवाद