फरीदाबाद। पर्वतीय कॉलोनी क्षेत्र में तेज रफ्तार स्कूटी चलाने को लेकर हुई कहासुनी देखते ही देखते विवाद में बदल गई। आरोप है कि युवक करीब 10 मिनट बाद अपने 6 से 8 साथियों के साथ तलवार लेकर वर्कशॉप संचालक के पास पहुंचा।
विज्ञापन
इसके बाद युवक ने तलवार लहराते हुए हमला करने की कोशिश की। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। शिकायतकर्ता ओमप्रकाश ठाकुर ने बताया कि बृहस्पतिवार शाम करीब आठ बजे एक पगड़ी पहना युवक तेज रफ्तार से स्कूटी लेकर गली से निकल रहा था। उस समय गली में बच्चे खेल रहे थे और एक गाय भी बैठी थी। ओमप्रकाश ने सुरक्षा को देखते हुए युवक को स्कूटी धीरे चलाने के लिए कहा। इसी बात को लेकर दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हो गई। ओमप्रकाश का कहना है कि समय पर लोग नहीं पहुंचते तो बड़ी घटना हो सकती थी। उन्होंने पुलिस को सूचना देकर कार्रवाई की मांग की और सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध कराने की बात कही। पर्वतीय पुलिस चौकी इंचार्ज महेश कुमार ने बताया कि कंट्रोल रूम से तलवार से हमला करने की कोशिश की सूचना मिली थी। अभी लिखित शिकायत नहीं मिली है। दोनों पक्षों को चौकी बुलाकर मामले की जानकारी ली जाएगी। जांच में आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो