पुलिस ने आपसी रंजिश व घरेलू विवाद की आशंका जताई
संवाद न्यूज एजेंसी
हथीन। हथीन-मंडकोला रोड पर बरात की गाड़ियों को रुकवाकर हमला और लूटपाट का मामला सामने आया है। आरोपियों ने दूल्हे की फॉर्च्यूनर और बरात की थार गाड़ी में जमकर तोड़फोड़ की और जेवरात सहित कपड़ों का सूटकेस लूट लिया। पुलिस ने आपसी रंजिश और घरेलू विवाद की आशंका जताई है।
नूंह जिले के खेड़ा झेरा (सिंगार) निवासी सफात ने बताया कि 15 अप्रैल को उनके बेटे राकिम की शादी थी। बरात गांव धौज जा रही थी। दोपहर करीब 2 बजे जैसे ही दूल्हे की फॉर्च्यूनर और थार मंडकोला से थोड़ा पहले पहुंचीं, तो वहां पहले से ही बलेनो गाड़ी और 8-10 बाइकों पर सवार 25-30 युवकों ने रास्ता रोक लिया। पीड़ित के अनुसार हमलावरों ने गाड़ियों पर हमला बोल दिया और डंडे, रॉड व सरियों से शीशे तोड़ दिए। आरोपियों ने दूल्हे के गले से 10 ग्राम सोने की चेन और गाड़ी में रखा सूटकेस (जिसमें 20 ग्राम सोने की हसली, 20 ग्राम गुलीबंद और कीमती कपड़े) लूट लिया। हमले में फॉर्च्यूनर के ड्राइवर आसिफ को गंभीर चोटें आईं, जिसे हथीन के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सफात खान ने पुलिस को दी शिकायत में अपने ही दामाद राहुल और उसके भाइयों (अलीम व साहिर) को नामजद किया है। पीड़ित का कहना है कि राहुल के साथ उनका पुराना विवाद चल रहा है और उसने जानबूझकर बरात को निशाना बनाया। शिकायत में पीड़ित ने आरोपियों द्वारा हवाई फायरिंग करने का भी आरोप लगाया था लेकिन पुलिस जांच में इसकी पुष्टि नहीं हुई। पुलिस के असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर संजय द्वारा मौके के निरीक्षण और चश्मदीदों से पूछताछ में गोलीबारी का कोई साक्ष्य या कारतूस का खोल नहीं मिला है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में फायरिंग की बात संदिग्ध लग रही है। मंडकोला चौकी पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली है। प्रभारी सुनील ने बताया कि सभी तथ्यों की जांच कर कार्रवाई की जा रही है।