फरीदाबाद। कोरोना संक्रमण की रफ्तार लगातार कम होती जा रही है। बृहस्पतिवार को जिले में केवल तीन नए मामलों की पुष्टि हुई। लगभग 119 दिन बाद जिले में इतने कम संक्रमित मिले हैं। इससे पहले स्वास्थ्य विभाग ने 25 फरवरी को एक दिन में तीन कोरोना संक्रमित मिलने की पुष्टि की है। वहीं, लगातार आठवें दिन जिले में किसी संक्रमित की मौत की पुष्टि भी विभाग की ओर से नहीं की गई है।
स्वास्थ्य विभाग के आंकड़ों के मुताबिक जिले में अब तक 716 कोरोना संक्रमितों की मौत हुई है। बृहस्पतिवार को नए मामलों की पुष्टि सेक्टर-88, एसजीएम नगर व वसंतपुर से हुई। कुल संक्रमितों की संख्या 99,682 हो गई है। इनमें से 98,862 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। अब जिले में केवल 104 मामले उपचाराधीन हैं। इनमें से केवल 68 मरीज ही अस्पतालों में भर्ती हैं। वहीं, 36 मरीज अभी भी होम आइसोलेशन में हैं। जिले में अभी भी 33 मरीज ऑक्सीजन सपोर्ट पर हैं। वहीं, एक मरीज वेंटिलेटर पर है। कोविड-19 नोडल डॉ. रामभगत ने बताया कि जिले में कोरोना का रिकवरी रेट 99.2 प्रतिशत हो गया है। बृहस्पतिवार को 1524 नए नमूने लिए गए हैं। अभी 729 नमूनों की रिपोर्ट आना बाकी है।