बल्लभगढ़। पुरानी रंजिश को लेकर युवक के साथ मारपीट और चाकू से हमला करने का मामला सामने आया है। ओल्ड फरीदाबाद थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गढ़ी मोहल्ला निवासी रवि सेनी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 15 अगस्त की शाम करीब छह बजे आरोपियों ने दुकान पर उसके चचेरे भाई जतिन सैनी के साथ मारपीट की थी। मामले की शिकायत जतिन ने शाम करीब सात बजे थाना ओल्ड फरीदाबाद में दी। इसके बाद रवि, जतिन और मोहित घर लौट रहे थे। आरोप है कि सरकारी स्कूल के पास दो बाइक और एक स्कूटी पर सवार करीब आठ-नौ युवकों ने उन्हें घेर लिया और जतिन व मोहित के साथ दोबारा मारपीट की।
पीड़ित ने बताया कि रात करीब साढ़े आठ बजे वह परिवार के लोगों के साथ थाने जा रहा था। रास्ते में पुलिसकर्मी मिले और पहचान के लिए उन्हें ठाकुरवाड़ा ले गए। आरोप है कि वहां से लौटते समय शेखर और उसके साथियों ने रवि को घेर लिया। आरोपियों ने लाठी-डंडों से मारपीट करने के साथ चाकू से हमला कर दिया। चाकू से कमर, जांघ और पैर पर चोट लगी। पुलिस ने मौके से चाकू बरामद कर लिया। रवि के अलावा जतिन और मोहित को भी चोटें आई हैं। पीड़ित ने आरोपियों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए कार्रवाई और सुरक्षा की मांग की है। संवाद