संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। नगर निगम फरीदाबाद के आयुक्त सह-मुख्य जनगणना अधिकारी धीरेंद्र खड़गटा ने जनगणना कार्य को लेकर सख्त निर्देश जारी किए हैं। उन्होंने कहा है कि जनगणना के दौरान प्रत्येक परिवार से निर्धारित सभी प्रश्न पूछना अनिवार्य है और किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
नगर निगम कार्यालय को प्राप्त शिकायतों में सामने आया है कि कुछ प्रगणक घर-घर जाकर केवल 4-5 सामान्य प्रश्न पूछकर ही कार्य पूरा कर रहे हैं, जबकि परिवारों की सुविधाओं एवं परिसंपत्तियों से जुड़े कई महत्वपूर्ण प्रश्न छोड़ दिए जा रहे हैं। इस स्थिति को गंभीरता से लेते हुए निगम आयुक्त ने सभी चार्ज अधिकारियों, पर्यवेक्षकों और प्रगणकों को निर्देश दिए हैं कि जनगणना कार्य पूरी पारदर्शिता और जिम्मेदारी के साथ किया जाए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि प्रत्येक परिवार से निर्धारित सभी प्रश्नों की सही एवं पूर्ण जानकारी प्राप्त की जाए। कोई भी जानकारी अधूरी न छोड़ी जाए तथा कार्य सरकार की ओर निर्धारित दिशा-निर्देशों और प्रक्रियाओं के अनुसार ही किया जाए।