अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद।
हरियाणा शहरी विकास प्राधिकरण (एचएसवीपी) ने सेक्टर-12 स्थित एग्जीबिशन कम कन्वेंशन सेंटर में आने वाले लोगों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए ने अग्निशमन व्यवस्था विकसित करने की तैयारी शुरू कर दी है। इसके लिए प्राधिकरण की ओर से अग्निशमन योजना तैयार कराई जाएगी। साथ ही, इस व्यवस्था को स्थापित करने में होने वाले निर्माण कार्यों और उनकी अनुमानित लागत का आकलन भी किया जाएगा। एचएसवीपी ने इसके लिए कंसल्टेंसी सेवा लेने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
गौरतलब है कि कन्वेंशन सेंटर में प्रदर्शनियों, सम्मेलनों और सरकारी कार्यक्रमों के दौरान बड़ी संख्या में लोग पहुंचते हैं। ऐसे में आग लगने जैसी आपात स्थिति से निपटने के लिए जरूरी सुरक्षा इंतजाम फिलहाल नहीं हैं। अग्निशमन योजना तैयार होने से यह निर्धारित करने में मदद मिलेगी कि परिसर में आग से बचाव और उस पर काबू पाने के लिए किस तरह की व्यवस्थाओं की जरूरत होगी। इससे आपात स्थिति में लोगों की सुरक्षा के लिए जरूरी इंतजामों की योजना बनाने में भी सहायता मिलेगी।
एचएसवीपी की ओर से प्रस्तावित कंसल्टेंसी के तहत कन्वेंशन सेंटर की जरूरतों के अनुसार अग्निशमन योजना तैयार की जाएगी। इसके साथ ही योजना को लागू करने के लिए आवश्यक निर्माण कार्यों का आकलन कर उनकी अनुमानित लागत निर्धारित की जाएगी। इस आधार पर आगे की प्रक्रिया में जरूरी कार्यों और उनके लिए बजट की योजना बनाई जा सकेगी।
कंसल्टेंसी एजेंसी का होगा चयन
फिलहाल टेंडर के माध्यम से परामर्श सेवा देने वाली एजेंसी का चयन किया जाना है। यह प्रक्रिया पूरी होने के बाद अग्निशमन योजना और संबंधित कार्यों के आकलन का काम आगे बढ़ सकेगा। इसके बाद ही प्रस्तावित व्यवस्थाओं को विकसित करने के लिए जरूरी कदम उठाए जाएंगे।
वर्जन
सेक्टर-12 स्थित कन्वेंशन सेंटर में अग्निशमन व्यवस्था विकसित करने की तैयारी की जा रही है। इसके लिए कंसल्टेंसी एजेंसी नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।- संदीप दहिया, कार्यकारी अभियंता, एचएसवीपी
बदलाव: