राज्य स्तरीय जूडो प्रतियोगिता में जीते चार पदक, बालक वर्ग में एक पदक मिला
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (एसजीएफआई) की ओर से आयोजित राज्य स्तरीय जूडो प्रतियोगिता में जिले के खिलाड़ियों ने शानदार खेल दिखाते हुए 5 पदक अपने नाम किए। इनमें से 4 पदक जिले की छोरियों के नाम रहे जबकि बालक वर्ग में एक पदक कौशल ने अपने नाम किया। कुरुक्षेत्र के लाड़वा में आयोजित प्रतियोगिता में अंडर 14, 17 और 19 के मुकाबले खेले गए।
पदक और खिलाड़ियों की बात करें तो बालिका वर्ग में 3 पदक अंडर-14 की खिलाड़ियों के नाम रहे। एक पदक अंडर-17 में मिला। वहीं बालक वर्ग में अंडर-17 के 66 किग्रा भारवर्ग में कौशल ने एकमात्र पदक जीता। बालिका वर्ग में प्लस 44 किग्रा में वैशाली ने रजत पदक पर कब्जा जमाया। माइनस 30 किग्रा में भव्या के नाम भी रजत पदक रहा। इसके अलावा अंडर-14 में माइनस 44 किग्रा में आशिका भारद्वाज ने कांस्य पदक जीता जबकि अंडर-17 में अंबिका के नाम भी कांस्य रहा।
जीत के बाद सभी खिलाड़ियों ने बताया कि पदक जीतकर बेहद खुशी हो रही है। हालांकि इसके साथ स्वर्ण न जीत पाने की टीस भी है। कोशिश रहेगी आगामी मुकाबलों में इसे भी पूरा किया जाए।