संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। शैक्षणिक सत्र 2026–27 के लिए कक्षा 6 में प्रवेश हेतु आयोजित होने वाली जवाहर नवोदय विद्यालय चयन परीक्षा 2026 के ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। अब इच्छुक अभ्यर्थी 13 अगस्त 2025 तक बिना किसी शुल्क के आवेदन कर सकेंगे।
जिला उपायुक्त विक्रम सिंह ने बताया कि यह निर्णय उन छात्रों के हित में लिया गया है जो किसी कारणवश निर्धारित समय सीमा तक आवेदन नहीं कर पाए थे। उन्होंने अभिभावकों और विद्यार्थियों से अपील की है कि वे इस अवसर का लाभ उठाते हुए समय पर पंजीकरण जरूर कराएं।
जवाहर नवोदय विद्यालय फरीदाबाद के प्राचार्य अनिल कुमार यादव ने जानकारी दी कि आवेदन प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन होगी। अभ्यर्थी नवोदय विद्यालय समिति की आधिकारिक वेबसाइट https://cbseitms.rcil.gov.in/nvs पर जाकर आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने बताया कि पंजीकरण के लिए विद्यार्थियों को आवश्यक दस्तावेज तैयार रखने होंगे और सभी विवरण सही-सही भरने होंगे ताकि आवेदन में किसी प्रकार की त्रुटि न हो। उन्होंने यह भी कहा कि जवाहर नवोदय विद्यालय में प्रवेश से विद्यार्थियों को उच्च स्तरीय शिक्षा के साथ-साथ समग्र विकास का अवसर मिलता है।
विद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि केवल वही छात्र आवेदन करने के पात्र होंगे जो जिला फरीदाबाद के किसी मान्यता प्राप्त विद्यालय में पढ़ रहे हैं और निर्धारित आयु सीमा के अंतर्गत आते हैं। चयन परीक्षा में सफलता के बाद योग्य छात्रों को विद्यालय में प्रवेश दिया जाएगा। अधिकारियों ने अभिभावकों से अनुरोध किया है कि वे अंतिम तारीख का इंतजार न करें और जल्द से जल्द अपने बच्चों का पंजीकरण करवाएं।