कई सोसाइटियों के लोगाें ने परिवहन विभाग और नगर निगम को लिखा पत्र
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सेक्टर-70 स्थित आगमन सोसाइटी, रॉयल हेरिटेज सोसाइटी और मुजेड़ी गांव के निवासियों ने सार्वजनिक परिवहन सेवा की कमी को लेकर सरकार से गुहार लगाई है। स्थानीय लोगों ने परिवहन विभाग और नगर निगम को पत्र लिखकर क्षेत्र में नियमित बस सेवा, शेयर ऑटो और ई-रिक्शा शुरू करने की मांग की है।
निवासियों का कहना है कि क्षेत्र की आबादी तेजी से बढ़ रही है, लेकिन आज तक यहां किसी प्रकार की सरकारी बस, शेयर ऑटो या ई-रिक्शा जैसी कोई भी सार्वजनिक परिवहन सुविधा उपलब्ध नहीं कराई गई है। इस कारण लोगों को निजी वाहनों पर निर्भर रहना पड़ता है और महंगे किराये देने पड़ते हैं। मात्र 5 से 10 मिनट की दूरी के लिए 100 रुपये से 150 तक वसूले जा रहे हैं।
स्थानीय महिलाओं, बुजुर्गों, छात्रों और नौकरीपेशा लोगों को इस व्यवस्था से सबसे ज्यादा परेशानी हो रही है। बच्चों को स्कूल बस तक पहुंचाने के लिए अभिभावकों को काफी दूर तक पैदल चलना पड़ता है, वहीं बाजार से लौटते समय बुजुर्गों और महिलाओं को वाहनों की कमी से भारी दिक्कतें आती हैं।
निवासियों ने प्रशासन से मांगें की हैं कि आईएमटी चौक से इन सोसाइटी तक नियमित सरकारी बस सेवा शुरू की जाए। मेट्रो स्टेशन और मुख्य सड़कों तक पहुंचने के लिए शेयर ऑटो या ई-रिक्शा सेवा उपलब्ध कराई जाए। सोसाइटी के बाहर बस स्टॉप या पिकअप पॉइंट का निर्माण कराया जाए।
अगर सोसाइटी में किसी व्यक्ति की अधिक तबीयत खराब हो जाए या इमरजेंसी पड़ जाए तो व्यक्ति किसी भी सूरत में समय पर अस्पताल नहीं पहुंच पाएगा।-अंकित त्यागी, आगमन सोसाइटी निवासी
साधन न मिलने के कारण सबसे ज्यादा समस्या विद्यार्थियों और महिलाओं को होती हैं। छात्रों को समय से पहले ही सोसाइटी से निकलना पड़ता है और काफी दूर तक पैदल चलना पड़ता है। यदि कोई प्राइवेट वाहन करता है तो चालक उससे मनमाने रुपये वसूलता है। -आरती , रॉयल हेरिटेज सोसाइटी निवासी