कार्रवाई के तहत 22 अस्थायी ढांचों को ध्वस्त कर दिया गया
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। डीटीपी की ओर से ओखला एन्क्लेव फेज-2 (दुर्गा बिल्डर्स) सेक्टर-91 में बुधवार को अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया। इस कार्रवाई के तहत 22 अस्थायी ढांचों को ध्वस्त कर दिया गया। इसमें मीट, निर्माण सामग्री व अन्य दुकानें शामिल रहीं।
जिला योजनाकार अधिकारी यजन चौधरी ने बताया कि यह अभियान लंबे समय से मिल रही शिकायतों के बाद चलाया गया। स्थानीय निवासियों की ओर से सड़क किनारे अवैध कब्जों और व्यापारिक गतिविधियों से ट्रैफिक में बाधा और सफाई व्यवस्था प्रभावित होने की बात कही जा रही थी।
अभियान के दौरान मौके पर भारी पुलिस बल की तैनाती की गई थी, जिससे किसी भी प्रकार के विरोध को नियंत्रित किया जा सके। तोड़ फोड़ की कार्रवाई शांतिपूर्ण ढंग से पूरी की गई। उन्होंने चेतावनी दी है कि भविष्य में यदि दोबारा अतिक्रमण किया गया तो और भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।