-जहरीले रासायनिक पदार्थ के कारण अब तक चार गाय जान गवां चुकीं
-पशु चिकित्सकों ने नमूने लेकर जांच के लिए मधुबन भेजे
संवाद न्यूज एजेंसी
तावडू। उपमंडल के अंतर्गत कलयाकी गांव में जहरीले रासायनिक पदार्थ के कारण गोवंशों की मौत का मामला लगातार गंभीर होता जा रहा है। बृहस्पतिवार को एक और बीमार गाय की मौत हो गई, जिससे अब तक कुल चार गायों की जान जा चुकी है। मृत गायों का नमूना लेकर जांच के लिए मधुबन जांच के लिए भेजे गए हैं।
पीड़ित पशुपालकों के अनुसार, कुंडली-मानेसर-पलवल एक्सप्रेसवे के किनारे किसी अज्ञात वाहन द्वारा जहरीला केमिकल युक्त पदार्थ पानी फेंका गया था। गांव की गायें रोजाना इसी स्थान पर चरने और पानी पीने आती हैं। दो दिन पहले जहरीले पानी का सेवन करने के बाद गायों की तबीयत बिगड़ने लगी। कुछ पक्षी भी पानी पीते ही मौके पर मर गए, जबकि स्थानीय लोगों को आंखों में जलन और सांस लेने में तकलीफ की शिकायत हुई। पशु विभाग के डॉ. आमिर ने बताया कि घटना के बाद 40 से अधिक बीमार गायो का तुरंत इलाज शुरू किया गया। अच्छी खबर यह है कि इनमें से अधिकांश गायों के स्वास्थ्य में तेजी से सुधार हो रहा है। हालांकि, गंभीर रूप से प्रभावित चार गायों को बचाया नहीं जा सका। सभी मृत गोवंशों का पोस्टमार्टम कराया गया और अलग-अलग नमूने लिए गए हैं।
इन नमूनों को जांच के लिए मधुबन लैब भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने में लगभग 28 दिन का समय लग सकता है, जिसके बाद ही यह स्पष्ट होगा कि किस प्रकार का जहरीला पदार्थ इस्तेमाल किया गया था। पुलिस ने बुधवार को ही अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया था। जहरीले पदार्थ को फेंके गए स्थान पर जेसीबी मशीन की मदद से मिट्टी डालकर उसे ढक दिया गया है ताकि आगे कोई हादसा न हो। पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि यह जहरीला केमिकल किस फैक्ट्री से लाया गया, किस वाहन से फेंका गया और इसके पीछे कौन जिम्मेदार है। प्रशासन का कहना है कि जांच के आधार पर ही दोषी के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई की जाएगी।