- कजाकिस्तान में 10 मीटर एयर पिस्टल में लगाया अचूक निशाना
- सितंबर में चाइना में होने वाले वर्ल्ड कप में भी लेंगे भाग
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। अंतरराष्ट्रीय निशानेबाज एवं फरीदाबाद नगर निगम के ब्रांड एंबेसडर अनमोल जैन ने सोमवार को कजाकिस्तान के शिमकेंट में चल रही एशियन शूटिंग चैंपियनशिप में 600 में 580 का स्कोर मारकर सिल्वर मेडल (टीम) हासिल किया। उनकी टीम में हरियाणा के आदित्य मालरा ने 579 व उत्तर प्रदेश के सौरभ चौधरी ने 576 का स्कोर मारा। अनमोल की इस जीत पर टेनक्स शूटिंग रेंज में खुशी का माहौल है।
कजाकिस्तान के शिमकेंट में चैंपियनशिप 14 से 30 अगस्त तक चलेगी। शिमकेंट की रेंज में सोमवार को पहले ही मैच में तीन भारतीय निशानेबाजों की जोड़ी अनमोल जैन, आदित्य मालरा व सौरभ चौधरी ने भारत की झोली में पहला मेडल डालकर देश व प्रदेश तथा जिले का नाम रोशन किया। वहीं, ग्रीनफील्ड टेनक्स शूटिंग रेंज में अनमोल जैन के कोच राकेश सिंह भी अपने अन्य निशानेबाजों के साथ अनमोल की एक-एक गोली को बेहद बारीकी से देखते रहे। उन्होंने कहा कि अनमोल जैन ने कजाकिस्तान में देश का नाम रोशन किया है।
कोच ने बताया कि अनमोल अभी तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर करीब 38 मेडल और देश में करीब 167 मेडल हासिल कर चुका है। उन्होंने बताया कि चाइना में सितंबर माह में 7 सितंबर से 15 सितंबर तक होने वाले वर्ल्डकप में अनमोल जैन निशाना लगाएगा। कोच राकेश सिंह का कहना है कि उनको विश्वास है कि अनमोल चाइना में भी देश का नाम रोशन करेगा।