- महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री के नाम एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। मांगों की अनदेखी से नाराज सैकड़ों आंगनबाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स ने बृहस्पतिवार को डीसी ऑफिस पर प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के बाद केंद्रीय महिला एवं बाल विकास विभाग की मंत्री को संबोधित 12 सूत्रीय मांग पत्र एसडीएम को सौंपा।
प्रदर्शन से पूर्व डीसी ऑफिस के पार्क में आंगनबाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स की सभा की गई। इसकी अध्यक्षता प्रधान मालवती और संचालन जिला सचिव देवेन्द्री शर्मा ने किया। सभा को संबोधित करते हुए आंगनबाड़ी वर्कर्स एवं हेल्पर्स यूनियन हरियाणा की जिला सेक्रेटरी देवेन्द्री शर्मा ने कहा कि केंद्र एवं राज्य सरकार वर्कर एवं हेल्पर की मांगों एवं समस्याओं का समाधान करने की बजाय नए फरमान जारी करके दमन एवं उत्पीड़न कर रही है।
उन्होंने कहा कि फूड सिक्योरिटी रजिस्ट्रेशन सिस्टम को तुरंत बंद किया जाए। निरंतर आंदोलन के बावजूद आंगनबाड़ी वर्कर एवं हेल्पर को मान्यता प्राप्त कर्मचारी का दर्जा और न्यूनतम वेतन 26 हजार रुपये मासिक लागू नहीं किया जा रहा है। सभा में यूनियन की नेता कमलेश, चारु, अनीता और सीआईटीयू के जिला प्रधान निरंतर पाराशर, उप प्रधान शिव प्रसाद व सेक्रेटरी वीरेंद्र डंगवाल आदि शामिल हुए।