फरीदाबाद। पुलिस कंट्रोल रूम के आधिकारिक वाट्सएप नंबर पर गाली-गलौज और अश्लील वीडियो भेजने के मामले में सेंट्रल थाना पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। साइबर जांच में मोबाइल नंबर की लोकेशन नोएडा के सेक्टर-16 में मिलने की बात कही गई है।
आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के लिए जांच की जा रही है। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि कंट्रोल रूम में तैनात पुलिस अधिकारी ज्ञान चंद ने शिकायत दी कि 18 अगस्त को वह ड्यूटी पर थे। शाम करीब 6:37 बजे एक नंबर से पुलिस कंट्रोल रूम के वाट्सएप पर गाली-गलौज वाले संदेश भेजे गए। इसके साथ ही अश्लील वीडियो भी भेजा गया। शिकायतकर्ता ने बताया कि मोबाइल नंबर की लोकेशन साइबर सुरक्षा शाखा से निकलवाई गई। जांच में इसकी लोकेशन नोएडा के सेक्टर-16 के 37-38 क्षेत्र में मिली। मामले की जानकारी नोएडा पुलिस कंट्रोल रूम के प्रभारी को भी दी गई। शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम की धारा 67ए और भारतीय न्याय संहिता की धारा 351(4) के तहत 22 अगस्त को प्राथमिकी दर्ज की गई है। संवाद