निकिता के परिवार से मिलने वालों का लगा रहा तांता
बल्लभगढ़। निकिता के परिवार के मिलने व सांत्वना देने वालों का बृहस्पतिवार को भी तांता लगा रहा। विभिन्न दलों के नेताओं के साथ ही सामाजिक और धार्मिक संगठनों के पदाधिकारी पीड़ित परिजनों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
सोहना रोड स्थित अपना घर सोसाइटी स्थित निकिता के घर पर बृहस्पतिवार सुबह से लोगों का पहुंचना शुरू हो गया था। परिवार से मिलने वालों में कांग्रेस की प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा, आम आदमी पार्टी से राज्यसभा सांसद व हरियाणा प्रभारी डॉ. सुशील गुप्ता, एनआईटी विधानसभा से कांग्रेस विधायक नीरज शर्मा, उत्तर प्रदेश बागपत जिले की छपरौली विधानसभा से विधायक सहेंद्र सिंह, पूर्व कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल, तिगांव विधानसभा से भाजपा विधायक राजेश नागर, आम आदमी पार्टी के जिला अध्यक्ष धर्मबीर भड़ाना, एनआईटी विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष संतोष यादव, गौरक्षा हिंदू दल नोएडा के अध्यक्ष वेद नागर, सनातन धर्म सभा के मंत्री जितेंद्र सरस्वती आदि शामिल रहे। करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष सूरजपाल अम्मू और करणी सेना भारत के वीरू सिंह दल बल के साथ पहुंचे। सभी नेताओं ने परिवार को आश्वासन दिलाया कि इस मामले में किसी भी तरह की दलगत राजनीति को हावी नहीं होने दिया जाएगा। निकिता की हत्या से महिलाओं में डर व भय का माहौल बन गया है। ऐसे मामलों में राजनीति करना सही नहीं है।
कुमारी सैलजा की गाड़ी घेरकर की नारेबाजी
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष कुमारी सैलजा जब पीड़ित परिजनों से मिलकर बाहर आईं तो वहां मौजूद कुछ मीडिया कर्मियों से बात करने लगीं। जैसे ही वह अपनी गाड़ी में सवार हुईं, कुछ लोगों ने उनकी कार को घेरकर नारेबाजी शुरू कर दी। नारेबाजी करने वाले लोगों का कहना था कि राहुल गांधी कहां हैं? हाथरस कांड में बयानबाजी करने वाले राहुल गांधी को दिल्ली से सटे फरीदाबाद में आने का समय नहीं मिला। कुमारी सैलजा ने इसे ओछी राजनीति बताते हुए भाजपा पर ही सवाल उठाए हैं। उनका कहना था कि बिटिया के हत्याकांड के दौरान ऐसी ओछी राजनीति करने वाले लोगों को बाज आना चाहिए।
फरीदाबाद में निकिता तोमर के परिजनों से मिलते भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ओमप्रकाश धनखड़ व कांग्रेस प्र- फोटो : Faridabad
फरीदाबाद में निकिता तोमर के परिजनों से मिलते तिगांव विधायक राजेश नागर।- फोटो : Faridabad