कई घंटे तक बिजली आपूर्ति रही बाधित
संवाद न्यूज एजेंसी
बल्लभगढ़। ऊंचागांव स्थित आदर्श नगर की गली नंबर 2 में बृहस्पतिवार की दोपहर को गैस सिलिंडर से भरे कैंटर के ऊपर बिजली का खंभा गिर गया। लोगों के अनुसार बिजली का खंभा काफी दिनों से जर्जर था। जिस वजह से यह घटना घटित हुई।
बृहस्पतिवार की दोपहर को ऊंचागांव से होते हुए प्याला को जाने वाले मार्ग से गैस सिलिंडर से भरा कैंटर गुजर रहा था । करीब 2 बजे गली नंबर दो में सड़क किनारे लगे बिजली के खंभे की तार कैंटर में अटक गई। जिस वजह से वह खंभा कैंटर के ऊपर गिर गया। खंभा गिरते ही चालक गाड़ी से बाहर आ गया। घटना की सूचना बिजली विभाग को दी गई। जिसके बाद बिजली विभाग के कर्मचारियों ने बिजली आपूर्ति बंद की। हादसे में किसी भी व्यक्ति को कोई चोट नहीं आई है, लेकिन कई घंटे तक एरिया में बिजली बाधित रही। जिस वजह से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा।