गेट का ताला काटने को लेकर हुआ विवाद, मकान मालिक और उसके परिजनों पर घर में घुसकर मारपीट करने का आरोप
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। खेड़ीपुल थाना क्षेत्र की कच्चा दगड़ा कॉलोनी में मकान मालिक और किरायेदार परिवार के बीच ताला खोलने को लेकर विवाद हो गया। किरायेदार का आरोप है कि मकान मालिक ने गेट का ताला नहीं खोला तो उसने उसके सामने ही ग्राइंडर से ताला काट दिया। इसके बाद मकान मालिक के परिवार की महिलाओं ने उसकी बेटी के साथ मारपीट की। अगले दिन सुबह मकान मालिक, उसके भाई, भतीजे और अन्य युवकों ने शमशाद के साथ मारपीट की। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि शिकायत के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
शमशाद ने बताया कि वह मूल रूप से उत्तर प्रदेश के उन्नाव जिले का रहने वाला है और कच्चा दगड़ा की गली नंबर-12 में किराये पर रहता है। उसके अनुसार 24 अक्तूबर की शाम उसकी बेटी सानिया ड्यूटी से घर लौटी तो मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ था। कहने के बावजूद मकान मालिक ने ताला नहीं खोला। इसके बाद उसने मकान मालिक के सामने ही ग्राइंडर से ताला काट दिया। आरोप है कि घर में आने के बाद उसकी बेटी सानिया के साथ मकान मालिक की बेटी और पत्नी ने मारपीट की।
शमशाद ने बताया कि 25 अक्तूबर की सुबह करीब 6:45 बजे वह दूध लेने के लिए घर से बाहर गया था। वापस लौटा तो गेट पर मकान मालिक बीके, उसका भाई, भाई का बेटा दिलशाद और तीन-चार अन्य युवक मौजूद थे। आरोप है कि सभी ने उसके साथ मारपीट की, जिससे उसे काफी चोटें आईं। इसके बाद जब वह घर के अंदर गया तो उसकी पत्नी शबनम, बेटी सानिया और रिश्तेदार रिहाना, रविना व हीना घायल मिलीं।
शमशाद ने शिकायत में आरोप लगाया कि उसकी अनुपस्थिति में बीके, उसका भाई, उनके दोनों बेटे और बेटियां घर के अंदर आए और परिवार की महिलाओं के साथ मारपीट की। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।