ग्रामीणों ने खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय में दर्ज कराई शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
तिगांव। तिगांव खंड के गांव मंधावली में बनाए जा रहे बरात घर की चहारदीवारी के निर्माण कार्य को लेकर गंभीर लापरवाही और भ्रष्टाचार के आरोप लग रहे हैं। ग्रामीणों ने बताया कि निर्माण में सबसे घटिया क्वालिटी की ईंटें, रेत और सीमेंट का उपयोग किया जा रहा है, जिससे दीवार की मजबूती पर सवाल उठ रहे हैं।
ग्रामीणों ने इस मामले की शिकायत खंड विकास एवं पंचायत अधिकारी कार्यालय तिगांव में दर्ज कराई है। शिकायत में कहा गया है कि निर्माण में लगाए गए माल की गुणवत्ता की जांच प्रयोगशाला में करवाई जाए क्योंकि घटिया निर्माण सामग्री का उपयोग किया जा रहा है, जिससे सरकारी धन की बर्बादी हो रही है। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि तुरंत जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाए।
चहारदीवारी की नींव में सीमेंट की मात्रा बेहद कम है। ईंटों की गुणवत्ता इतनी खराब है कि हाथ लगाने भर से टूट जाती हैं। अगर अब कार्रवाई नहीं हुई तो कुछ महीनों में यह चहारदीवारी खुद गिर जाएगी। - सौरभ कुमार, स्थानीय निवासी
बरात घर की चहारदीवारी की कोई आवश्यकता नहीं थी। यह पूरी तरह से सरकारी पैसे की बर्बादी है। -अनिल कुमार, स्थानीय निवासी
यह निर्माण कार्य जिला परिषद के अंतर्गत हो रहा है, इसलिए शिकायत जिला परिषद को फॉरवर्ड कर दी गई है और वहीं से जांच कराई जाएगी। - आरती, खंड विकास अधिकारी तिगांव