संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। सराय ख्वाजा थाना क्षेत्र में दिल्ली की एक महिला ने एक व्यक्ति और उसके साथी पर प्लॉट के फर्जी कागजात तैयार कर कब्जा करने का आरोप लगाया है। आरके पुरम नई दिल्ली की रहने वाली महिला ने पुलिस को बताया कि उनके पति ने साल 1992 में सेक्टर 35 के अशोका एनक्लेव मेन में एक प्लॉट खरीदा था जिसकी रजिस्ट्री उनके नाम पर है। महिला के मुताबिक सराय ख्वाजा के रहने वाले एक व्यक्ति ने साल 2005 में गलत तरीके से इस जमीन को हथियाने की कोशिश की थी जिसके बाद यह विवाद कोर्ट पहुंच गया।
निचली अदालत से लेकर सुप्रीम कोर्ट तक ने महिला के पक्ष में फैसला सुनाया और वह व्यक्ति की हर जगह हार हुई।
पीड़िता का कहना है कि जब उन्होंने अपनी जमीन का कब्जा लेने के लिए जिला अदालत में अर्जी डाली तो इसी बीच आरोपी ने बल्लभगढ़ के रहने वाले एक अन्य व्यक्ति साथ मिलकर प्लॉट की खरीद-फरोख्त के फर्जी कागजात तैयार कर लिए। इन कागजों में जनवरी 2023 की पुरानी तारीखें डालकर लेनदेन दिखाया गया है जबकि आरोपी के पास इस जमीन को बेचने का कोई हक ही नहीं था। आरोप है कि आरोपियों ने साजिश के तहत यह खेल रचा है ताकि जमीन पर कब्जा बना रहे।
महिला ने पुलिस को दी शिकायत में आरोप लगाया था कि एक आरोपी का चाचा मंत्री है लेकिन नाम के चलते ये कंफ्यूजन था। शिकायत में यह भी बताया कि उसे फोन पर धमकी दी गई कि उनकी सरकार में ऊंची पहुंच है और अगर प्लॉट सस्ते में नहीं बेचा तो जान से मार देंगे। पुलिस प्रवक्ता यशपाल सिंह ने बताया कि सराय ख्वाजा थाना पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू की है।