बैंक्वेट हॉल संचालक पर प्राथमिकी दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। ग्रीनफील्ड कॉलोनी में जमीन पर बैंक्वेट हॉल चलाने वाले व्यक्ति पर करीब 11 लाख रुपये के बिजली बिल में हेराफेरी करने और जमीन मालिक को धमकी देने का आरोप लगा है। शिकायतकर्ता का आरोप है कि आरोपी ने बिजली विभाग के कर्मचारियों से मिलीभगत कर मीटर और विभागीय पोर्टल में छेड़छाड़ कर कम बिल निकलवाया।
ग्रीनफील्ड कॉलोनी निवासी बृजमोहन चौधरी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उन्होंने अपनी जमीन नौ साल के लिए मुबीन अहमद को किराये पर दी थी। जमीन पर मुबीन अहमद ग्रीन हिल टॉप बैंक्वेट हॉल बनाकर शादी और अन्य कार्यक्रम आयोजित करता था। किरायनामे के मुताबिक बिजली बिल का भुगतान करने की जिम्मेदारी मुबीन अहमद की थी। शिकायतकर्ता के मुताबिक 16 जून 2025 को वन विभाग ने उक्त स्थान पर तोड़फोड़ की कार्रवाई की। इसके बाद मुबीन अहमद अपना सामान लेकर चला गया। आरोप है कि उस समय उसने बिजली का पूरा बिल भरने की बात कही और बिजली मीटर भी अपने साथ ले गया। बाद में बृजमोहन ने बिजली विभाग से जानकारी ली तो मीटर पर करीब 11 लाख रुपये की बकाया राशि होने का पता चला। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि 24 सितंबर को शिकायत मिलने के बाद उसकी तस्दीक की गई। जांच में प्रथम दृष्टया अपराध बनता पाए जाने पर पांच अक्तूबर को प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।