संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिले में बढ़ते वायु प्रदूषण पर नियंत्रण के लिए उपायों को और सख्ती से लागू करने के लिए उपायुक्त (डीसी) विक्रम सिंह ने सख्त हिदायत दी है। उन्होंने कहा कि जिले में ग्रेप के दूसरे चरण में निर्धारित सभी निर्देशों का पालन सुनिश्चित किया जाए। इस संबंध में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
डीसी विक्रम सिंह ने कहा कि फरीदाबाद में ग्रेप- टू की पाबंदी लागू हो गई हैं, जिसके लिए हमें प्रदूषण नियंत्रण उपायों को पूरी गंभीरता से अपनाना होगा। उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, शहरी निकायों सहित अन्य संबंधित विभागाध्यक्षों को कड़े निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि प्रदूषण को नियंत्रित करने के लिए सख्त कदम उठाएं। सभी विभाग जिला में एयर क्वालिटी इंडेक्स यानी वायु गुणवत्ता सूचकांक को नियंत्रित रखने लिए जमीनी स्तर पर मिलकर काम करें।
आदेशानुसार, शहर की सभी प्रमुख सड़कों और औद्योगिक इलाकों में धूल नियंत्रण उपायों पर विशेष ध्यान दिया जाए। संबंधित विभाग नियमित रूप से सड़कों के किनारे पेड़ों और पौधों पर पानी का छिड़काव करवाएं, ताकि धूल कणों से राहत मिल सके। जहां धूल का स्तर अधिक है, उन स्थानों पर एंटी-स्मॉग गन का प्रयोग किया जाए। उन्होंने प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड सहित सभी विभागों को निर्माण कार्यों और औद्योगिक इकाइयों की नियमित जांच करने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि ग्रेप के नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाए। डीसी ने कहा कि कूड़ा या किसी भी प्रकार के अपशिष्ट जलाने की घटनाओं पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। उन्होंने कहा कि प्रदूषण नियंत्रण से जुड़ी सभी गतिविधियों की निगरानी और रिपोर्टिंग नियमित रूप से की जाए, ताकि जिला प्रशासन समय पर आवश्यक निर्णय ले सके।