सीएम विंडो पर मिली थी बच्चों के स्कूल से गायब होकर असामाजिक गतिविधियों में सम्मिलित होने की शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) कार्यालय की तरफ से हाल ही में प्राप्त एक शिकायत पत्र को जांच के बाद तत्काल प्रभाव से निरस्त कर दिया गया है। यह निर्णय उस शिकायत की जांच के बाद लिया गया, जो सीएम विंडो पोर्टल पर प्राप्त हुई थी।
जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के सीएम विंडो पोर्टल पर एक शिकायत प्राप्त हुई थी। इस शिकायत में जिले के विभिन्न सरकारी एवं प्राइवेट स्कूलों के छात्र-छात्राओं द्वारा स्कूल से पढ़ाई के दौरान गायब होकर विभिन्न पार्कों में असामाजिक गतिविधियों में सम्मिलित होकर समाज के ताने-बाने को बिगाड़ने का आरोप लगाया गया था। शिकायत पत्र में छात्रों को कथित लव जिहाद जैसी गतिविधियों में शामिल बताया गया था। इस शिकायत के आधार पर 29 अक्टूबर को डीईओ कार्यालय ने पत्र लिखकर विद्यालयों के लिए निर्देश जारी किए थे।
हालांकि, जांच के दौरान यह पाया गया कि शिक्षा विभाग फरीदाबाद को इस विषय पर कोई औपचारिक या प्रमाणिक शिकायत प्राप्त नहीं हुई थी। इस पर जिला शिक्षा अधिकारी ने 30 अक्टूबर को पत्र जारी कर पूर्व आदेश को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया।
अधिकारी ने स्पष्ट किया कि विभाग बिना प्रमाणिक शिकायत या सत्यापित सूचना के किसी भी तरह की कार्रवाई नहीं करेगा। साथ ही, उन्होंने सभी विद्यालयों से अपील की कि वे अनुशासन और सुरक्षा से जुड़ी किसी भी वास्तविक शिकायत को तुरंत विभाग को सूचित करें, ताकि उचित कार्रवाई की जा सके।