परीक्षा की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ लघु सचिवालय में बैठक की
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। 26 और 27 जुलाई को आयोजित होने वाली सामान्य पात्रता परीक्षा (सीईटी) के लिए प्रमुख केंद्र के रूप में फरीदाबाद को चुना गया है। परीक्षा चार शिफ्टों में आयोजित की जाएगी, जिसमें फरीदाबाद सहित पलवल, गुरुग्राम, नूंह, रोहतक और झज्जर के अभ्यर्थी भाग लेंगे।
अतिरिक्त उपायुक्त सतबीर मान ने परीक्षा की तैयारियों को लेकर अधिकारियों के साथ लघु सचिवालय में बैठक की। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि परीक्षा केंद्रों पर सभी सुविधाएं समय से पहले पूरी हो जाएं। उन्होंने कहा कि कोई भी अभ्यर्थी परिवहन के अभाव में परीक्षा से वंचित न रहे, इसके लिए जरूरतमंद परीक्षार्थियों को पिक एंड ड्रॉप की सुविधा दी जाएगी।
जिले में 163 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं, जिनमें प्रत्येक शिफ्ट में लगभग 45,000 परीक्षार्थी परीक्षा देंगे। एडीसी ने बताया कि परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए जल्द ही टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर और डेडिकेटेड हेल्पलाइन शुरू की जाएगी। ग्रामीण क्षेत्रों से आने वाले छात्रों के लिए विशेष रोडवेज बसें सेवाएं चलाई जाएंगी। इसके अलावा पुलिस राइडर्स और डायल 112 गाड़ियां भी सक्रिय रहेंगी, जो जरूरत पड़ने पर अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र तक पहुंचाएंगी।
उन्होंने कहा कि केंद्रों पर सुरक्षा, बिजली, पेयजल, शौचालय और बैठने की उचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए, साथ ही शांतिपूर्ण वातावरण और गोपनीयता बनाए रखने के लिए पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती होगी। सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्र में स्थित केंद्रों की समय से जांच और मूल्यांकन करें।
एडमिट कार्ड जारी कर दिए गए हैं। परीक्षार्थी cet2025groupc.hryssc.com से अपना प्रवेश पत्र डाउनलोड कर सकते हैं। परीक्षा से जुड़े नोटिस के लिए अभ्यर्थी hssc.gov.in/publicnotice लिंक पर जा सकते हैं।