फरीदाबाद। जम्मू-कश्मीर व हिमाचल के पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी से ठंड का सितम जारी है। पिछले कुछ दिन से तापमान में लगातार गिरावट देखी जा रही है। शनिवार को शुक्रवार की तुलना में न्यूनतम तापमान में करीब दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज की गई है। वहीं अधिकतम तापमान में दो डिग्री की गिरावट आई। इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट की वेबसाइट के अनुसार, शनिवार को फरीदाबाद का न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री और अधिकतम तापमान 19.7 सेल्सियस दर्ज किया गया।
पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार हो रही बर्फबारी के कारण मैदानी इलाकों में चल रही हवाएं शीतलहर में बदल गई हैं। जिले में शनिवार को दिनभर आसमान में बादल छाए रहे। मौसम में 84 फीसदी नमी दर्ज की गई। हवा आठ किलोमीटर की रफ्तार से चली। धूप न निकलने के कारण कड़ाके की ठंड ने लोगों को खूब परेशान किया। लोग पहले की तुलना में अब अधिक सावधानी बरत रहे हैं। इंडिया मेट्रोलॉजिकल डिपार्टमेंट की वेबसाइट के अनुसार, अधिकतम तापमान भी 19.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वेबसाइट के अनुसार, आने वाले दिनों में भी न्यूनतम तापमान छह डिग्री के आसपास ही बने रहने की संभावना है। मौसम वैज्ञानिक महेश पहलावत के मुताबिक, राजस्थान और पंजाब के वायुमंडल पर चक्रवर्ती हवाओं का दबाव बन रहा है। जम्मू कश्मीर और हिमाचल प्रदेश सहित पहाड़ी इलाकों में हो रही बर्फबारी से शीतलहर की रफ्तार बढ़ेगी। इससे फरीदाबाद सहित दिल्ली एनसीआर में एक बार न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की जाएगी।