फरीदाबाद। अयोध्या में राम मंदिर जन्म भूमि पूजन की तैयारियां शहर में भी जोरों से चल रही हैं। भूमि पूजन को लेकर लोगों के उत्साह को देखते हुए जिले में अलर्ट घोषित कर दिया था। सभी जोन के डीसीपी, एसीपी व थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के साथ गश्त बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस आयुक्त ओपी सिंह ने बताया कि जिले के सभी धार्मिक स्थलों के आसपास की सुरक्षा कड़ी कर दी गई है। सभी जोन के डीसीपी को भी सड़क पर उतर कर सुरक्षा गश्त करने के निर्देश जारी किए गए हैं। थानों में तैनात पुलिसकर्मियों को डंडे, हेलमेट, बॉडी प्रोटेक्टर, टीयर गैस से लैस रहने के निर्देश दिए गए हैं। पुलिस लाइन को भी वज्र वाहन को किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार रखने के लिए कहा गया है। इसके अलावा फायर विभाग को भी अलर्ट कर दिया गया है।
पुलिस आयुक्त ने कहा कि राम मंदिर के भूमि पूजन के अवसर पर जिले में शांति व्यवस्था को भंग करने के प्रयास करने वाले अराजक व असामाजिक तत्वों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मंदिर, मस्जिद, ईदगाह समेत अन्य धार्मिक स्थानों के आसपास सादी वर्दी में स्थानीय पुलिस के अलावा सीआईडी की भी ड्यूटी लगा दी गई है, जिससे जिले में शांति व्यवस्था को नुकसान पहुंचाने को चिह्नित कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके। इसके अलावा बॉर्डर क्षेत्र में सघन जांच के भी निर्देश दिए गए हैं।