हत्या केस से नाम हटवाने के बहाने युवक से साढ़े पांच लाख की ठगीआरोपी ने डीएसपी के सामने भी स्वीकारा रुपये लेने की बात, लेकिन रकम वापस नहीं की
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। हत्या के मामले में फंसे बेटे को बचाने का झांसा देकर एक ग्रामीण से साढ़े पांच लाख रुपये हड़पने का मामला उजागर हुआ है। कैंप थाना पुलिस ने शिकायत मिलने पर आरोपी के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार, असावटा गांव निवासी महीपाल ने बताया कि वर्ष 2019 में सुभाष नामक युवक की हत्या हुई थी, जिसमें उसका पुत्र मेहताब आरोपित है। इसी दौरान गांव के ही सुरेश तेवतिया ने उसे विश्वास दिलाया कि उसकी पुलिस में अच्छी पहचान है और वह मेहताब का नाम मामले से हटवा देगा। इसके बदले सुरेश ने साढ़े पांच लाख रुपये की मांग की। पीड़ित ने किसी तरह रकम जुटाकर उसे दे भी दी, लेकिन वादा पूरा नहीं हुआ।
महीपाल के अनुसार, उसने 16 जुलाई को पुलिस अधीक्षक के कार्यालय में शिकायत दी थी, जिसे आगे की कार्रवाई के लिए डीएसपी नरेंद्र कुमार खटाना को भेजा गया। डीएसपी ने 19 जुलाई को दोनों पक्षों को तलब किया। पूछताछ के दौरान सुरेश तेवतिया ने यह स्वीकार भी किया कि उसने पुलिस के नाम पर पैसे लिए थे। डीएसपी ने उसे पांच दिन में पूरी रकम लौटाने का आदेश देते हुए चेताया था कि ऐसा न करने पर जेल जाना पड़ेगा।
लेकिन समय सीमा बीतने के बाद भी आरोपी ने रुपये नहीं लौटाए और दस दिन का और समय मांग लिया। अतिरिक्त समय खत्म होने पर भी रकम वापस न करने पर पीड़ित ने दोबारा पुलिस को सूचना दी। इसके आधार पर कैंप थाना पुलिस ने सुरेश तेवतिया के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।