खोखा संचालक से हथियार के बल पर लूटपाटसामान के पैसे मांगने पर की मारपीट, कनपटी पर कट्टा रखकर उड़ाए 26 सौ रुपये
संवाद न्यूज एजेंसी
पलवल। चांदहट थाना क्षेत्र में सड़क किनारे खोखा चलाने वाले एक दुकानदार से तीन युवकों ने हथियार दिखाकर नकदी लूट ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और फरार हुए आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। पीड़ित पवन जो बढ़राम गांव का रहने वाला है, ने बताया कि वह जवां रोड पर खोखा लगाकर परिवार का गुजारा करता है। 15 सितंबर को तीन युवक कृष्ण, कृष्ण उर्फ भोला और ओमकार बाइक पर सवार होकर उसके खोखे पर पहुंचे और करीब 140 रुपये का सामान लिया। जब उसने पैसे मांगे तो आरोपितों ने अचानक गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी।
आरोप है कि इस दौरान एक युवक ने कट्टा निकालकर पवन की कनपटी पर सटा दिया और डराकर उससे 26 सौ रुपये छीन लिए। वारदात के बाद पीड़ित ने किसी तरह हिम्मत जुटाकर 112 नंबर पर पुलिस को सूचना दी। सूचना पाकर पुलिस टीम तुरंत मौके पर पहुंची तो घबराए आरोपी वहां से भाग निकले। जल्दबाजी में वे अपना कट्टा वहीं छोड़ गए, जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया। चांदहट थाना प्रभारी सुंदरपाल ने बताया कि आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।