पलवल। गांव अलावलपुर में हुए मोहित हत्याकांड के षड्यंत्र में शामिल दो आरोपियों को रण सिंह और कमलजीत को चांदहट थाना पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। यह कार्रवाई एसपी पलवल वरुण सिंगला के नेतृत्व में की गई। पुलिस अब मामले में शामिल अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। चांदहट थाना प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार के अनुसार, 11 जून की सुबह युवक मोहित को बस अड्डे पर गोली मार दी गई थी।
मौके पर पहुंची पुलिस व एफएसएल टीम ने साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए नागरिक अस्पताल भेज दिया था। मृतक के चाचा वेदपाल ने बताया कि मोहित फरीदाबाद में गाड़ी चलाता था और उसे कुछ दिनों से जान से मारने की धमकियां मिल रही थीं। घटना के समय उन्होंने मोहित को गोली मारते हुए बाइक सवार युवकों को देखा, जिनमें एक की पहचान अक्कू उर्फ अवकाश के रूप में हुई।
पुलिस ने जांच के बाद रण सिंह और कमलजीत को गिरफ्तार किया, जिन्होंने पुरानी रंजिश में हत्या की साजिश में शामिल होने की बात स्वीकार की। दोनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेजा गया है। अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है।