फरीदाबाद। खेड़ी गुजरान स्थित एकेपी क्रिकेट मैदान पर शुक्रवार को एकेपी क्रिकेट अकादमी और एके टाइगर्स स्पोर्ट्स क्लब के बीच खेले गए मुकाबले में एके टाइगर्स स्पोर्ट्स क्लब ने 26 रनों से जीत दर्ज की। 35 ओवर के इस मुकाबले में एकेपी क्रिकेट अकादमी ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए एके टाइगर्स स्पोर्ट्स क्लब ने निर्धारित ओवर में 331 रनों का स्कोर खड़ा किया। टीम की तरफ से हरिओम ने 59, रिजवान ने 52 जबकि प्रिंस ने 48 रनों का योगदान दिया। वहीं एकेपी क्रिकेट अकादमी की ओर से अशोक और माधव ने तीन-तीन, गगनदीप ने दो जबकि कुनाल और वैभव ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।
332 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी एकेपी क्रिकेट अकादमी निर्धारित ओवर में 305 रन ही बना सकी। टीम की ओर से मोहम्मद सैफ और ध्रुव ने शतकीय पारी खेलते हुए क्रमश: 121 और 101 रनों का योगदान दिया। हालांकि वे भी टीम को जीत नहीं दिला सके। वहीं एके टाइगर्स स्पोर्ट्स क्लब की ओर से प्रंचित ने तीन, जाग्रत और रिजवान ने दो-दो विकेट लिए। वहीं रितेश, हरिओम और यश ने एक-एक विकेट अपने नाम किया।