पीड़िता है स्पोर्ट टीचर
हरियाणा के फरीदाबाद स्थित मेवला महाराजपुर निवासी 26 वर्षीय पीड़िता निजी स्कूल में खेल-अध्यापिका हैं। शिकायत के अनुसार, 19 अगस्त को उनकी इंस्टाग्राम आईडी पर एक फर्जी अकाउंट से हैलो का संदेश आया। इसके कुछ समय बाद उनके व्हाट्सएप पर विदेशी नंबर से संदेश और कॉल आई। कॉल करने वाले युवक ने एक लड़की की फोटो भेजकर उसकी पहचान बताने के लिए कहा, कॉल संदिग्ध लगने पर पीड़िता ने नंबर ब्लॉक कर दिया।
पूर्व सहपाठी ने दिया बड़ा सुराग
पीड़िता के अनुसार, इसके बाद उन्होंने अपनी पूर्व सहपाठी से इस संबंध में बात की थी। बातचीत में एक युवक का नाम सामने आया, जिस पर इंस्टाग्राम से लड़कियों की फोटो लेकर उन्हें एडिट कर अन्य लोगों को भेजने का आरोप लगाया गया। पीड़िता, उसकी पूर्व सहपाठी और उक्त युवक के बीच कॉन्फ्रेंस कॉल पर भी बातचीत हुई। पीड़िता का आरोप है कि इस दौरान युवक ने उसके साथ अभद्रता की थी।
फोटो पर लिखा था पेड गर्ल और मोबाइल नंबर
12 सितंबर को पीड़िता को एक इंस्टाग्राम आईडी से रिक्वेस्ट मिली। आईडी खोलने पर कई लड़कियों की अश्लील फोटो वाली पोस्ट दिखाई दीं, जिनमें उसकी फोटो को भी नग्न रूप में एडिट किया गया था। फोटो के ऊपर पेड गर्ल लिखा था और नीचे उसका मोबाइल नंबर व दो अन्य नंबर दिए गए थे। पीड़िता ने आईडी की रिपोर्ट की, जिसके बाद वह बंद हो गई। आरोप है कि 13 सितंबर और 17 सितंबर को अलग-अलग आईडी बनाकर इसी तरह की फोटो दोबारा प्रसारित की गईं।
पुलिस का बयान
पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि बार-बार फोटो एडिट कर सोशल मीडिया पर प्रसारित किए जाने से परेशान पीड़िता ने 18 सितंबर को साइबर थाना सेंट्रल में शिकायत दी। संबंधित इंस्टाग्राम आईडी और उपलब्ध डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर फोटो तैयार करने और फर्जी आईडी चलाने वाले आरोपी की पहचान करने में जुटी है।