सड़क चौड़ी करने के लिए यूपी सिंचाई विभाग ने दी जमीन, एफएमडीए को नहीं देनी कीमत
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। उत्तर प्रदेश और हरियाणा दोनों राज्य में बीजेपी की सरकार होने का फायदा शहर को मिल रहा है। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण (एफएमडीए) को आगरा फोरलेन प्रोजेक्ट के लिए सड़क चौड़ी करने के लिए जमीन चाहिए थी। इसकी मंजूरी उत्तर प्रदेश सरकार ने दे दी है और जमीन की कीमत भी एफएमडीए को नहीं देनी होगी। इससे 50 हजार लोगों को लाभ मिलेगा। इस योजना पर 278 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे।
नोएडा तक के सफर को आसान बनाने के लिए ही एफएमडीए ने आगरा नहर के साथ वाली सड़क को फोरलेन बनाने का प्रोजेक्ट तैयार किया है। बोर्ड की बैठक में प्रस्ताव पास करके उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग को सौंपा गया था। वहां पर प्रोजेक्ट को मंजूरी मिलने के बाद डीपीआर तैयार करने की दिशा में काम शुरू कर दिया है। डीपीआर लगभग बनकर तैयार है, अब दोनों विभागों के बीच एमओयू साइन होना बाकी है।
फरीदाबाद से दिल्ली-नोएडा जाने के लिए तीन मुख्य मार्ग हैं। दिल्ली आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग, बाईपास रोड डीएनडी केएमपी लिंक रोड और आगरा नहर के साथ दो लेन की सड़क। डीएनडी-केएमपी लिंक रोड का निर्माण कार्य जारी होने के कारण पुलिस की ओर से जगह-जगह बैरिकेडिंग कर रूट डायवर्ट किया हुआ है।
वहीं आगरा नहर रोड दो लेन की होने के कारण सुबह-शाम रोड पर काफी जाम लगता है। हालत यह है कि 10 मिनट की दूरी तय करने में वाहन चालकों को आधा से एक-घंटे का समय लग जाता है। ऐसे में जाम से बचने के लिए औद्योगिक नगरी के लोग दिल्ली-आगरा राष्ट्रीय राजमार्ग का उपयोग करते हैं। दिल्ली में उन्हें जगह जगह लाल बत्ती पर रुकना पड़ता है, जाम से जूझना पड़ता है। फरीदाबाद महानगर विकास प्राधिकरण ने लोगों को जाम से राहत देने के लिए आगरा नहर रोड चार लेन बनाने की तैयारी की है।
वर्जन
उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग के एसडीओ ब्रजकिशोर ने बताया कि दोनों विभागों के बीच में एमओयू साइन होना बाकी है। डीपीआर पर काम चल रहा है। सड़क चौड़ी करने के लिए उत्तर प्रदेश सिंचाई विभाग अपनी जमीन का इस्तेमाल करेगा। इसकी कीमत भी नहीं ली जाएगी।