मुजेसर रेलवे अंडरपास के निर्माण में बाधा बन रहे मकानों को हटाने का दिया है नोटिस
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। मुजेसर रेलवे अंडरपास निर्माण के कार्य में बाधक बन रहे मकानों को हटाने का नगर निगम ने नोटिस जारी कर दिया है। नोटिस के बाद आजाद नगर ने लोगों ने मकानों को खुद हटाना शुरू कर दिया है। अपनी मेहनत की कमाई से बनाए गए घर को लोग खुद अपने हाथों से तोड़ने को मजबूर हैं।
स्थानीय लोगों ने इस पर चिंता व्यक्त करते हुए बताया कि यहां रोड को चौड़ा किया जाना है। पहले दस फीट रोड चौड़ा करने की बात कही गई थी लेकिन अब 25 फीट रोड चौड़ा किया जा रहा है। नगर निगम ने बृहस्पतिवार को ही अंडरपास निर्माण में बाधा बनने वाले घरों को नोटिस जारी कर मुनादी कराई। इसके बाद से लोग परेशान हैं। लोगों को ज्यादा आर्थिक नुकसान न हो इसको लेकर लोगों ने खुद ही घरों को तोड़ना शुरू कर दिया है।
मुजेसर में रेलवे क्रॉसिंग पर अंडरपास बनाने की योजना भी कई साल पहले बनाई गई थी। अंडरपास व ओवरब्रिज न होने के चलते मुजेसर, सेक्टर-23, 24, बाटा चौक, संजय कॉलोनी, सेक्टर-52 आदि के लोगों को बाटा रेलवे ओवरब्रिज या सोहना रेलवे ओवरब्रिज से होकर राष्ट्रीय राजमार्ग पर आना-जाना पड़ता है। यहां अंडरपास बनाने की पिछले वर्ष सरकार से मंजूरी मिल चुकी है। हरियाणा राज्य सड़क एवं पुल विकास निगम की ओर से निजी भू-मालिकों से जमीन खरीदने की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। जमीन पर कब्जा लेना शुरू कर दिया है। लेकिन अभी तक अनेक लोगों से कब्जे नहीं लिए गए। पिछले सप्ताह नगर निगम की ओर से करीब 100 लोगों को नोटिस जारी किए गए थे। साथ ही चेतावनी दी कि यदि जल्द कब्जे नहीं हटाए तो उन्हें नगर निगम द्वारा तोड़ दिया जाएगा।
वर्जन
मुजेसर में रेलवे लाइन के दोनों तरफ कनेक्टिविटी सुधारने के लिए मकानों का हटना बहुत जरूरी है। इसके लिए जमीन पर कब्जा लेने का काम शुरू कर दिया गया है।
- राहुल सिंह, डीजीएम, हरियाणा राज्य सड़क एवं पुल विकास निगम।