पाकिस्तान की कॉलर को व्हाट्सअप चैट में दीदी कहकर संबोधित करता था युवक
पाकिस्तान से ऑनलाइन चैट पर मिला टास्क पूरा करने के लिए फंदे पर लटक गया था
संदीप वर्मा
फरीदाबाद। पाकिस्तान से ऑनलाइन चैट पर मिले टास्क को पूरा करने के लिए फंदे पर झूल जाने वाला युवक लगभग 20 दिनों से टास्क पूरा करने में लगा हुआ था। शुरू में उसे छोटे-छोटे टास्क दिए गए थे। टास्क करते समय वीडियो बनाना था और टास्क पूरा होने पर वीडियो भेजना भी था। युवक टास्क पूरा करता था और पाकिस्तान के नंबर पर व्हाट्सअप के जरिये चैट करते हुए अपने बनाए वीडियो भेजता था।
गांव नवादा की एक कंपनी में काम करने वाले अरुण (34) की शादी हो चुकी थी और दो बच्चे भी हैं। पत्नी बच्चों के साथ गर्मी की छुट्टी मनाने मायके गई थी। शनिवार सुबह करीब साढ़े चार बजे उसका शव कमरे में औंधे मुंह पड़ा हुआ था। पुलिस की जांच में पता चला है कि वह पाकिस्तान के जिस नंबर से आने वाली कॉल पर बात कर रहा था, उसे अरुण व्हाट्सअप चैट पर दीदी कहकर संबोधित कर रहा था। उसके मोबाइल को खंगालने पर पता चला कि उसने आत्महत्या का टास्क करने से पहले भी एक वीडियो उस व्हाट्सअप नंबर पर भेजा था। इस वीडियो में कमरे में पंखे पर बेल्ट और शू-लैस जैसी पतली रस्सी बांधने का वीडियो था। हालांकि, पुलिस इस बारे में पूरी तरह से आश्वस्त नहीं है कि जिस मोबाइल नंबर से चैट चल रही थी वह पाकिस्तान का है।
वीडियो भेजकर डिलीट कर देता था
जांच में आया है कि कुछ दिनों से युवक को इन नंबरों से व्हाट्सअप पर चैट कर टास्क पूरा करने और वीडियो बनाने के लिए कहा जाता था। पुलिस के अनुसार इस खतरनाक खेल में रोमांच की बात कहकर चैट करने वाले ने उसे बहका रखा था। केवल एक गेम समझ रहा अरुण पिछले लगभग 20 दिनों से कथित दीदी से बात कर रहा था। उसे नए-नए नंबरों से चैट आती थी और टास्क पूरा करने के बाद वीडियो को अरुण डालते थे। इसके कुछ देर बाद उसे डिलीट करने के लिए कहा जाता था। साइबर थाना पुलिस इस मामले की तह तक पहुंचने के लिए जांच कर रही है।
चैट करने वाली महिला थी या कोई और
व्हाट्सअप नंबर पाकिस्तान के अंतरराष्ट्रीय टेलीकॉम कोड 092 से था। अरुण की चैट में वह किसी को दीदी कहकर संबोधित कर रहा
है। पुलिस पता लगाने में जुटी है कि चैट करने वाला कौन है। पाकिस्तान में बैठा कोई शख्स उससे चैट पर बातें कर टास्क दे रहा था या भारत या किसी अन्य ही देश से यह चैट की जा रही थी। इसके अलावा यह भी संशय की बात है कि चैट करने वाली महिला थी या कोई पुरुष था।
मोबाइल जब्त कर की जा रही जांच
प्राथमिक जांच में ऑनलाइन चैट पर टास्क लेकर आत्महत्या की बात सामने आ रही है। अरुण की चैट में दीदी नाम से संबोधन करना दर्शा रहा है, अभी जांच का विषय है कि यह कौन है।
-कुलदीप कुमार, डीसीपी