गंभीर रूप से हुए घायल, एयर बैग खुलने से बची जान,एनएचएआई के खिलाफ दी शिकायत
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर सुप्रीम कोर्ट में अभ्यास कर रहे अधिवक्ता की गाड़ी के सामने अचानक से लावारिस पशु आ गया। जिससे उनकी गाड़ी पशु से टकराने के बाद फ्लाईओवर से टकरा गई और पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई। इस हादसे में अधिवक्ता की गाड़ी के एयर बैग भी खुल गए। अधिवक्ता भी गंभीर रूप से घायल हो गए। इस मामले की शिकायत थाना सेक्टर-17 में दी गई है।
गांव बहादुरपुर निवासी अनिरुद्ध भंकूरा ने बताया कि वह पेशे से अधिवक्ता हैं। अभी वह सुप्रीम कोर्ट में अभ्यास कर रहे हैं। हर रोज सुबह वह अपनी गाड़ी से कोर्ट जाते हैं। 28 मई को वह अपनी गाड़ी में सवार होकर दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के रास्ते दिल्ली जा रहे थे। तभी सेक्टर 17 में रोज गार्डन के ऊपर वाले एक्सप्रेसवे के फ्लाईओवर पर अचानक से उनकी गाड़ी के सामने लावारिस पशु आ गया। जिससे उनकी गाड़ी पशु से टकराने के बाद फ्लाईओवर से टकरा गई। इस दौरान उनकी गाड़ी के एयरबैग भी खुल गए। इस हादसे में उनको काफी चोट आई और लावारिस पशु भी मर गया। उनको उपचार के लिए परिवार के लोगों ने अस्पताल में भर्ती करवाया। उन्होंने एनएचएआई के विरुद्ध थाना सेक्टर -17 में शिकायत दी। उनका कहना है कि करोड़ों रुपये की लागत से बने एक्सप्रेसवे के ऊपर लावारिस पशुओं को रोकने के लिए उनकी ओर से कोई इंतजाम नहीं किए गए। जिसकी वजह से आए दिन कोई न कोई हादसा होता रहता है।