शोर मचाने पर लोगों ने दो आरोपियों को पकड़ा, दो भाग गए
संवाद न्यूज एजेंसी
फरीदाबाद। श्याम कॉलोनी में रहने वाले अधिवक्ता के साथ मारपीट कर अपहरण करने की कोशिश का मामला सामने आया है। शोर मचाने पर स्थानीय लोगों ने मौके पर दो आरोपियों को पकड़ लिया । वहीं दो आरोपी मौके से भाग गए। थाना सिटी पुलिस ने सभी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
श्याम कॉलोनी निवासी अधिवक्ता प्रमोद गोयल ने बताया कि 14 अक्तूबर की शाम को 7 बजे उनके पास एक फोन आया। कॉल करने वाले ने कहा कि वह उनका ग्राहक है और उनको पैसे देने के लिए आए है। आरोपियों ने कहा कि वह उनके घर का पता नहीं जाते है इसलिए उन्होंने उनको बोहरा रोड पर बुलाया।
जिसके बाद वह आरोपियों के साथ फोन पर बात करते हुए दुर्गा नर्सिंग होम बोहरा रोड पर पहुंच गया। जहां पर उनके पास तीन लड़के आए और उनके पीछे सफेद रंग की कार आ रही थी जिसे एक लड़का चला रहा था। तीनों लड़कों ने आते ही उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। उनको गंभीर चोटें आई। उसके बाद तीनों अपहरण की नियत से सफेद रंग की कार में जबरदस्ती उठाकर डालने लगे। आरोप है कि तीनों लड़कों ने नशा कर रखा था। आरोपियों ने कहा कि 50 हजार रुपये दे दो नहीं तो जान से मार देंगे। उसके बाद उन्होंने शोर मचाया तो लोगों ने दो लड़कों को मौके पर पकड़ लिया। वहीं अन्य दो आरोपी मौके से भाग गए। जिसके बाद उनको उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उनका आरोप है कार चालक के पास कोई हथियार भी था। पुलिस प्रवक्ता यशपाल ने बताया कि मौके से नरेंद्र मिश्रा और राजू तिवारी को गिरफ्तार कर लिया है।