हमलावरों की गिरफ्तारी न होने से नाराज अधिवक्ताओं ने की हड़ताल
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। बल्लभगढ़ के दयालपुर गांव में अधिवक्ता अनिल शर्मा व उनके दोनों बेटे शेखर व सचिन पर चाकू से हमले में आरोपियों की अभी तक गिरफ्तारी न होने के विरोध में शुक्रवार को फरीदाबाद बार एसोसिएशन के बैनर तले अधिवक्ता हड़ताल पर चले गए। इससे किसी भी कोर्ट में कामकाज नहीं हो सका। शनिवार को भी हड़ताल जारी रहेगी।
हड़ताल में शामिल अधिवक्ताओं ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी कर आरोपियों को तत्काल गिरफ्तार करने की मांग की। उधर, अधिवक्ताओं की हड़ताल के कारण दूरदराज से कोर्ट पहुंचे लोगों को तारीख लेकर घर लौटना पड़ा। बार एसोसिएशन के अधिवक्ताओं ने बताया कि दो दिसंबर उनके पड़ोस में रहने वाले लोगों ने आपसी रंजिश को लेकर बाप और बेटों पर चाकू से हमला कर घायल कर दिया था। कई दिनों तक अधिवक्ता व उनके दोनों बेटे अस्पताल में भर्ती रहे थे। आरोप है कि पुलिस इस मामले में शिकायत दर्ज कर आरोपियों को बचाने के लिए पहले तो धारा में खेल किया।
अब आरोपियों की गिरफ्तारी भी नहीं कर रही है। फरीदाबाद बार एसोसिएशन के प्रधान अधिवक्ता संजीव चौधरी ने कहा कि पुलिस की लापरवाही के विरोध में शनिवार को भी हड़ताल रहेगी। इस मौके पर जिला बार एसोसिएशन के प्रधान संजीव चौधरी, वरिष्ठ उप प्रधान नीरज सचदेवा, जनरल सेक्रेटरी नरेंद्र पाराशर, सर्व कौशिक, देवेंद्र कपासिया, विपिन यादव, रविदत्त शर्मा, हेमलता और सचिन चंदीला आदि मौजूद रहे।