फरीदाबाद। शादी समारोहों पर नजर रखने के लिए प्रशासन सख्त हो गया है। प्रशासन ने इसके लिए 40 टीमें गठित की हैं। इसके साथ ही एसडीएम और अन्य अधिकारियों की ड्यूटी लगाई है, जो रोजाना की रिपोर्ट उपायुक्त यशपाल यादव को सौपेंगे।
बुधवार को देवोत्थान एकादशी के बाद विवाह कार्यक्रम शुरू हो चुके हैं। कोरोना संक्रमण में रोजाना पांच सौ से ज्यादा मामले सामने आ रहे हैं। ऐसे में शादी-विवाह में लोगों की भीड़भाड़ को रोकने के लिए लोगों की सीमा तय कर दी गई है। बैंक्वेट हॉल में 50 लोग और खुली जगहों पर 100 लोगों के शामिल होने की सीमा रखी गई है। सरकार के आदेश के बाद प्रशासन सख्त हो गया है। जिला प्रशासन की ओर से 40 अधिकारियों की अगल-अलग टीमें बनाई गई हैं। टीम हर शादी समारोह में जाएगी। बैंक्वेट हॉल के संचालकों को समझाएगी कि नियमों का पालन करें। लापरवाही बरतने पर संचालक के खिलाफ एफआईआर दर्ज करवाई जाएगी।
जिला उपायुक्त यशपाल यादव ने कहा कि पहला प्रयास लोगों को कोरोना संक्रमण की चपेट में आने से बचाना है। इसके लिए शादी समारोह पर नजर रखी जा रही है। शादी विवाह में भीड़ एकत्र नहीं करें। लोग सामाजिक दूरी का सख्ती से पालन करें। मास्क जरूर लगाए। कोई फॉर्म हाउस व बैंक्वेट हॉल संचालक नियमों का उल्लंघन करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।