27 सितंबर को होगा आयोजन, मुख्यमंत्री करेंगे शुरूआत
विज्ञापन
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नशे के खिलाफ जागरूकता और फिटनेस का संदेश देने के लिए 27 सितंबर को सूरजकुंड मेला ग्राउंड में फरीदाबाद हाफ मैराथन-2026 का आयोजन किया जाएगा। उपायुक्त आयुष सिन्हा ने सोमवार को तैयारियों की समीक्षा करते हुए अधिकारियों और शिक्षण संस्थानों को युवाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मैराथन में जिले के कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, शिक्षण संस्थानों, आरडब्ल्यूए और सोसाइटियों से बड़ी संख्या में युवा हिस्सा लेंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी मैराथन की शुरूआत करेंगे।
उपायुक्त ने कहा कि यह केवल खेल आयोजन नहीं, बल्कि युवाओं को नशे से दूर रहने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देने वाला अभियान है। ‘हरियाणा उदय’ के तहत आयोजित इस मैराथन के माध्यम से ‘नशामुक्त हरियाणा’ का संदेश जन-जन तक पहुंचाया जाएगा। आयोजन में कुल 10 लाख रुपये की पुरस्कार राशि रखी गई है। प्रतिभागियों को टी-शर्ट, रिफ्रेशमेंट और प्रमाणपत्र भी दिए जाएंगे।
मैराथन सुबह छह बजे शुरू होगी। उपायुक्त ने संस्थानों को विद्यार्थियों और स्टाफ को निर्धारित समय से पहले आयोजन स्थल पर पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि युवा स्वयं नशामुक्ति और फिटनेस का संदेश अपनाने के साथ परिवार और समाज के अन्य युवाओं को भी इसके लिए प्रेरित करें। बैठक में एडीसी अंजलि श्रोत्रिया, एमसीएफ जॉइंट कमिश्नर अमित मान, आरटीए सचिव मुनीश सहगल, सीटीएम अंकित कुमार समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।