अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने कहा कि गुणवत्ता, सुरक्षा और नवाचार को बढ़ावा देने में भारतीय मानकों की अहम भूमिका है। उत्पादों और सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के साथ मानकों का पालन उपभोक्ताओं के हितों की रक्षा और औद्योगिक विकास को भी मजबूती देता है।
वह शनिवार को फरीदाबाद में भारतीय मानक ब्यूरो (बीआईएस) के शाखा कार्यालय की ओर से आयोजित विश्व मानक दिवस-2026 के कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम का आयोजन सेक्टर-20बी स्थित निजी होटल में किया गया।
कार्यक्रम में उद्योग जगत, प्रयोगशालाओं, शैक्षणिक संस्थानों, बीआईएस लाइसेंसधारी निर्माताओं और जिला उद्योग केंद्रों सहित विभिन्न क्षेत्रों के 276 प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान उत्पादों एवं सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करने, उपभोक्ताओं को सुरक्षित उत्पाद उपलब्ध कराने और उद्योगों में मानकों के प्रभावी अनुपालन को बढ़ावा देने पर चर्चा की गई।