चालक ने ही पत्नी के नाम पर कार निकलवाकर निगम को लीज पर दी थी
आगरा के ध्यानार्थ
पुलिस ने जांच के बाद कार को किया जब्त
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। फरीदाबाद नगर निगम में तैनात चालक को गुरुग्राम पुलिस की टीम ने चोरी के आरोप में मंगलवार को गिरफ्तार किया है। साथ ही नगर निगम के एडिश्नल कमिश्नर को मिली सियाज कार को भी पुलिस टीम ने जब्त किया है। आरोप है कि इसी कार में सवार होकर चालक निरंजन सिंह ने गुरुग्राम के सुशांत लोक थाना एरिया में एक साइट से तार चोरी की वारदात को अंजाम दिया था। नगर निगम ने सियाज कार निरंजन सिंह से ही किराये पर ली हुई है। यह कार निरंजन की पत्नी के नाम पर रजिस्टर्ड है। इस कार का इस्तेमाल फिलहाल एडिशनल कमिश्नर कर रहे थे।
गुरुग्राम के सुशांत लोक थाना में आठ जुलाई 2025 को एक व्यक्ति ने शिकायत दी। इसमें बताया गया कि सेक्टर-44 गुरुग्राम में एक अस्पताल की कंस्ट्रक्शन साइट से किसी ने बिजली की तार चोरी कर ली है। सुशांत लोक थाना पुलिस ने एफआईआर दर्ज की। जांच करते हुए सुशांत लोक थाना की टीम को कार का नंबर पता चला। इसके बाद मंगलवार को पुलिस की टीम फरीदाबाद नगर निगम ऑफिस पहुंची। यहां पर पुलिस टीम को सियाज कार मिली जिसमें सवार होकर आरोपी ने चोरी की थी।
टीम की जांच में पता चला कि यह कार नगर निगम ने एक एजेंसी से किराये पर ली हुई है। इसका इस्तेमाल फिलहाल एडिशनल कमिश्नर कर रहे थे। टीम ने इस कार पर बतौर चालक तैनात निरंजन सिंह को काबू किया। आरोपी यूपी आगरा के सलेमपुर धनकर गांव का रहने वाला है। आरोपी से पूछताछ में पता चला कि वह नवंबर 2024 में हरियाणा कौशल रोजगार निगम के तहत चालक के पद पर फरीदाबाद नगर निगम में भर्ती हुआ था। आरोपी निरंजन ने ही अपनी पत्नी के नाम से सियाज गाड़ी निकलवाकर फरीदाबाद निगम को लीज पर दे रखी थी। आरोपी ने कबूल किया कि तार चुराकर उसने अपने साथी को दी थी। गुरुग्राम पुलिस प्रवक्ता संदीप कुमार ने बताया कि आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। चोरी में प्रयोग की गई सियाज कार भी उससे बरामद हुई है।