राष्ट्रीय महत्व के कार्य में लापरवाही पर नगर निगम सख्त, बाकी पर भी जल्द होगी कार्रवाई
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नगर निगम ने जनगणना कार्य में लापरवाही बरतने वाले कर्मचारियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाते हुए 22 एन्यूमेरेटर के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इनमें से 9 कर्मचारियों के खिलाफ संबंधित थानों में मामला दर्ज हो चुका है, जबकि बाकी कर्मचारियों पर भी जल्द कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम आयुक्त एवं मुख्य जनगणना अधिकारी धीरेंद्र खड़गटा के निर्देश पर एडिशनल कमिश्नर एवं नोडल ऑफिसर सेंसस गौरव अंतिल की निगरानी में सभी जोन के जॉइंट कमिश्नर सह एडिशनल सिटी सेंसस ऑफिसर ने अपने-अपने क्षेत्रों के थानों को पत्र भेजकर जनगणना अधिनियम-1948 की धारा 11 के तहत एफआईआर दर्ज करने का अनुरोध किया है।
ओल्ड, एनआईटी, बल्लभगढ़ और चंदावली जोन के कर्मचारी शामिल
नगर निगम प्रशासन के अनुसार ओल्ड जोन से एक, एनआईटी जोन से नौ तथा बल्लभगढ़ और चंदावली जोन से 12 कर्मचारी जनगणना ड्यूटी पर अनुपस्थित पाए गए। इन कर्मचारियों को कई बार निर्देश देने और पर्याप्त अवसर देने के बावजूद इन्होंने ड्यूटी जॉइन नहीं की, जिससे जनगणना कार्य प्रभावित हुआ।
नोटिस के बाद 8 शिक्षकों ने दोबारा जॉइन की ड्यूटी
चार्ज ऑफिसर विकास कन्हैया ने बताया कि पूर्व में भेजे गए नोटिस के बाद आठ शिक्षकों ने दोबारा अपनी जनगणना ड्यूटी जॉइन कर ली है। इसके चलते उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज नहीं कराने का अनुरोध पुलिस को भेजा गया है। वहीं जो कर्मचारी अब भी ड्यूटी पर उपस्थित नहीं हुए हैं, उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
जनगणना राष्ट्रीय दायित्व, लापरवाही बर्दाश्त नहीं
गौरव अंतिल ने कहा कि जनगणना कार्य राष्ट्रीय महत्व का दायित्व है और इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में भी ड्यूटी से अनुपस्थित रहने वाले कर्मचारियों के खिलाफ कानून के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।