करोड़ों रुपये हैं बकाया, 131 अन्य बैंक्वेट हॉल को नोटिस जारी किए जा चुके हैं
अमर उजाला ब्यूरो
फरीदाबाद। नगर निगम ने प्रॉपर्टी टैक्स वसूली को लेकर सख्त रुख अपनाते हुए शहर के बैंक्वेट हॉल और मैरिज पैलेस संचालकों के खिलाफ बड़ा अभियान शुरू किया है। निगम की टीमों ने अलग-अलग जोन में कार्रवाई करते हुए अब तक 61 बैंक्वेट हॉल व मैरिज पैलेस को सील कर दिया है। इन इकाइयों पर करोड़ों रुपये का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया बताया गया है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि यह अभियान आगे भी जारी रहेगा और 131 अन्य बैंक्वेट हॉल को नोटिस जारी किए जा चुके हैं। तय समय तक टैक्स जमा नहीं करने पर उनके खिलाफ भी सीलिंग की कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम आयुक्त धीरेंद्र खड़गटा के निर्देश पर अतिरिक्त आयुक्त-1 सलोनी शर्मा के मार्गदर्शन में कर शाखा और जोन स्तर की टीमों ने संयुक्त रूप से अभियान चलाया। अधिकारियों के अनुसार लंबे समय से प्रॉपर्टी टैक्स जमा न करने वाले वाणिज्यिक प्रतिष्ठानों की सूची तैयार की गई थी जिसके आधार पर कार्रवाई की जा रही है। बैंक्वेट हॉल और मैरिज पैलेस संचालकों को पहले नोटिस देकर भुगतान का अवसर दिया गया लेकिन निर्धारित समय के बाद भी टैक्स जमा नहीं होने पर निगम ने सीलिंग शुरू कर दी।
निगम के आंकड़ों के अनुसार सबसे अधिक बकाया एनआईटी जोन-II में सामने आया है। यहां 35 यूनिटों पर करीब 2 करोड़ 67 लाख रुपये से अधिक का टैक्स बकाया है। ओल्ड जोन-I में 12 यूनिटों पर लगभग 36 लाख रुपये से अधिक और ओल्ड जोन-II में 14 यूनिटों पर करीब 15 लाख रुपये से अधिक का प्रॉपर्टी टैक्स बकाया है। अब तक सील की गई 61 यूनिटों पर कुल मिलाकर तीन करोड़ रुपये से अधिक की देनदारी है। निगम ने इनसे वसूली की आगे की प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।